ताजा खबर
रायपुर, 5 मार्च। होली की फुहारों के बाद सूरज अपने तेज की ओर बढ़ चला है। गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में पारा 35-38 डिग्री को भी पार कर गया है। आज सुकमा में सर्वाधिक 38.2, राजनांदगांव में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बस्तर 37, रायपुर 37.1और बिलासपुर में 37.8 डिग्री रहा।
आने वाले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है।
इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि संभावित है किंतु विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।प्रदेश में कल शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर उड़ीसा और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है।
एक द्रोणिका उत्तर-उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से उत्तर उड़ीसा में स्थित ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण तक उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, दक्षिण झारखंड होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है।


