ताजा खबर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति ने लिखा, "रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है और आपसी एकता और भाईचारे को मज़बूत करता है. मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें."
वहीं पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है और यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं. रंग और उमंग से भरा ये त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए. हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है."
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दी हैं.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "होली हमारे बहुरंगी, बहु-सांस्कृतिक समाज की आत्मा को अभिव्यक्त करने वाला पर्व है. यह विविधताओं में एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की उस परंपरा का उत्सव है, जो सदियों से हमारी सभ्यता की पहचान रही है. दूरियों को मिटाने वाले इस उल्लासपूर्ण अवसर पर आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ." (bbc.com/hindi)


