ताजा खबर
महासमुंद, 4 मार्च। पटेवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गोगल में एक पिता ने मामूली पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही 25 वर्षीय बेटे की बांस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को दूर खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
इस बात का खुलासा तब हुआ जब कल मंगलवार को प्रार्थिया अंजलि टंडन ने थाना पटेवा में अपने पति प्रेम प्रकाश टंडन के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
अंजलि ने बताया कि उसके पति 2 मार्च की रात को अपने पिता के घर ग्राम गोगल गए थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे।
पुलिस ने जब परिजनों से बारीकी से पूछताछ की, तो परतें खुलने लगीं। जांच में पाया गया कि मृतक प्रेम प्रकाश टंडन (उम्र 25 वर्ष), जो कि ग्राम लखनपुर का निवासी था, अपने पिता गंगाराम टंडन के बुलाने पर 2 मार्च की रात करीब 10:00 बजे अपनी मोटरसाइकिल से गोगल स्थित ऐश ब्रिक फैक्ट्री गया था।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि पिता-पुत्र के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर पिता गंगाराम टंडन (उम्र 51 वर्ष) ने बांस के डंडे से अपने बेटे प्रेम प्रकाश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण प्रेम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी पिता ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए बेटे के शव को घर से करीब 1 किलोमीटर दूर एक सूनसान खेत में फेंक दिया था। पटेवा पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और मर्ग कायम करते हुए हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
आरोपी पिता गंगाराम टंडन को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।


