ताजा खबर

एमपी पुलिस की पिटाई से युवक की मौत का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस तैनात
03-Mar-2026 5:14 PM
एमपी पुलिस की पिटाई से युवक की मौत का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस तैनात

 एमपी-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्र पर सुबह रेत लेने गया था, जांच जारी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 3 मार्च।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के केल्हारी क्षेत्र में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर बहने वाली बरने नदी के पास एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण बरने नदी और आसपास के क्षेत्र में जमा हो गए। नारेबाजी और विरोध शुरू हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केल्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया।

परिजनों के अनुसार सोनू चक्रधारी सुबह ट्रैक्टर लेकर बरने नदी रेत लेने गया था। उनका कहना है कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य के लिए रेत लेने गया था। कुछ समय बाद उसके निधन की सूचना गांव पहुंची।
ग्रामीणों के बीच यह दावा किया जा रहा है कि युवक की मौत कथित रूप से मध्यप्रदेश पुलिस की पिटाई से हुई। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद जानकारी मिली कि जैतपुर थाना क्षेत्र की दरशीला पुलिस चौकी का एक वाहन बरने नदी के पास फंसा हुआ मिला। बाद में वाहन को केल्हारी पुलिस थाना लाया गया। पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया। उनकी मांग है कि मामले की न्यायिक जांच कराई जाए,  पोस्टमार्टम प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो, यदि पिटाई से मौत की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

स्थिति को देखते हुए केल्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
बरने नदी क्षेत्र में रेत उत्खनन को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनती रही है। चूंकि यह इलाका दो राज्यों की सीमा पर स्थित है, इसलिए अधिकार क्षेत्र को लेकर समन्वय की आवश्यकता रहती है।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो पीडि़त परिवार से मिले और जांच की मांग की। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह भी मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच किए जाने की बात कही।
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट