ताजा खबर
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अदालत से बरी होने पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हज़ारे का बयान आया है.
अन्ना हज़ारे ने मीडिया से मुख़ातिब होते हुए कहा, "मैंने कोर्ट के फ़ैसले से पहले अरविंद केजरीवाल के बारे में बयान दिया था. अब कोर्ट का फ़ैसला आ गया है.अब कोर्ट ने अपना फ़ैसला दिया है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं, तो इसे मानना ही होगा."
हज़ारे से पूछा गया कि आप केजरीवाल को क्या सलाह देना चाहेंगे?
इस पर उन्होंने जवाब दिया, "अरविंद केजरीवाल और मनीष सीसोदिया मेरे पुराने कार्यकर्ता हैं. समाज और देश के भले के लिए जो कुछ कर सकते हैं वो करें. अपने बारे में या पार्टी के बारे में मत सोचो. देश के लिए कई लोगों ने क़ुर्बानी दी है, उसको याद रखना."
अन्ना हज़ारे ने कहा, "हमारा देश अपनी न्याय व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की ताक़त पर चलता है."
"इतनी बड़ी आबादी और अलग-अलग पार्टियों, जातियों, धर्मों और समुदायों के बावजूद यह व्यवस्था ठीक से चलती है, क्योंकि हमारे पास न्यायपालिका है. अगर यह न होती तो देश में अव्यवस्था और अशांति फैल जाती." (bbc.com/hindi)


