ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 फरवरी। बिलासपुर में चर्चित सराफा कारोबारी लूटकांड और भाजपा पार्षद व व्यवसायी बंधु मौर्य पर हमले की साजिश के मामले में नाम सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बेलतरा पूर्व मंडल के अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राजू सोनकर को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह विकास कुर्रे को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस जांच के दौरान जब राजू सोनकर का नाम सामने आया, तो संगठन ने इसे गंभीरता से लिया। मंडल अध्यक्ष पवन कश्यप की पुष्टि के बाद ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने सोनकर को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया। इस फैसले की औपचारिक सूचना प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेज दी गई है।
भाजपा संगठन ने साफ कहा है कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है। किसी भी आपराधिक मामले में नाम आने पर संगठन समझौता नहीं करेगा। पार्टी की छवि और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
खाली हुए पद पर विकास कुर्रे को अनुसूचित जाति मोर्चा, बेलतरा पूर्व मंडल का नया अध्यक्ष बनाया गया है। सराफा व्यापारी लूटकांड और भाजपा पार्षद व व्यवसायी बंधु मौर्य की हत्या की साजिश का मामला इन दिनों शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।


