ताजा खबर
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण के आरोपों में दर्ज हुई एफ़आईआर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सरकार पर शंकराचार्य को अपमानित करने का आरोप लगाया है.
अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता में कहा, "यह सरकार 20 साल पुरानी घटना निकालकर शंकराचार्य को अपमानित कर रही है. अगर यह (शिकायतकर्ता) उनके (रामभद्राचार्य) शिष्य हैं, तो मैंने ग़लती की कि मैंने वह केस वापस लिया जो कभी रामभद्राचार्य पर था. मुझे उन्हें जेल भेजना चाहिए था."
"विचारों पर मतभेद हो जाते हैं, लेकिन इस सीमा पर जाकर घटिया आरोप नहीं लगवाने चाहिए. इसलिए मैं कह रहा हूं कि यह सरकार बचने वाली नहीं है."
दरअसल, यूपी पुलिस ने ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के अलावा 2-3 अज्ञात लोगों पर बाल यौन शोषण के आरोपों में एफ़आईआर दर्ज की है. (bbc.com/hindi)


