ताजा खबर

पीएम मोदी ने एआई समिट में हुए प्रदर्शन पर कहा- कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं
23-Feb-2026 10:10 AM
पीएम मोदी ने एआई समिट में हुए प्रदर्शन पर कहा- कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं

एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है.

पीएम मोदी ने रविवार को 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम के शेष हिस्सों का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा, "एक तरफ़ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं."

"अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई इम्पैक्ट समिट हुआ. दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए. दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक नहीं हुआ. लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया."

पीएम मोदी ने कहा, "एआई समिट भाजपा का समारोह नहीं था, ये देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था. लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी. आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य है कि इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय गरजते हैं."

"दिल्ली (एआई सम्मेलन विरोध) में जो हुआ, उसके बाद कांग्रेस के सारे साथी दल चौंक गए हैं, सबने किनारा कर दिया."

दरअसल, 20 फरवरी को एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गए थे. उन्होंने पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाज़ी की.

चार प्रदर्शनकारियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भी भेज दिया. यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन के बाद बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन किया था. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट