ताजा खबर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को पहली बार हार का सामना करना पड़ा. सुपर-8 के मुक़ाबले में उसे दक्षिण अफ़्रीका से करारी हार मिली है.
इस हार के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनकी टीम मज़बूती से वापसी करेगी.
आईसीसी के मुताबिक़, मैच के बाद जब उनसे पूछा गया कि टूर्नामेंट के बाक़ी के मैचों में भारत को क्या बेहतर करना होगा, तो सूर्यकुमार ने जवाब दिया, "अच्छी बल्लेबाज़ी करें, अच्छी गेंदबाज़ी करें और अच्छी फील्डिंग करें. बस इतना ही."
उन्होंने कहा, "हम चीज़ों को सरल रखने की कोशिश करेंगे. उसी तरह का क्रिकेट खेलेंगे जैसा हम खेलना चाहते हैं और मुझे लगता है कि हम मज़बूती से वापसी करेंगे."
188 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पावरप्ले में अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. शुरुआत में ही टीम के लड़खड़ाने और फिर मैच हार जाने पर सूर्यकुमार यादव ने अफ़सोस जताया.
उन्होंने कहा, "कभी-कभी आपको सोचना होता है कि अगर आप 180-185 रन का पीछा कर रहे हैं तो आप पावरप्ले में मैच नहीं जीत सकते, लेकिन पावरप्ले में मैच हार सकते हैं."
भारतीय कप्तान ने कहा, "हमने पावरप्ले में बहुत ज़्यादा विकेट गंवा दिए. फिर हम छोटी-छोटी साझेदारियां नहीं बना पाए, जैसा हम 180-185 रन का पीछा करते समय करना चाहते थे."
उन्होंने कहा, "लेकिन यह खेल का हिस्सा है. हमने इससे सीखा है, हम बैठकर समीक्षा करेंगे और फिर मज़बूती से वापसी करेंगे." (bbc.com/hindi)


