ताजा खबर

मिलर का अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 188 रन का लक्ष्य दिया
22-Feb-2026 9:10 PM
मिलर का अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 188 रन का लक्ष्य दिया

अहमदाबाद, 22 फरवरी । डेविड मिलर के अर्धशतक और डेवाल्ड ब्रेविस के साथ उनकी बड़ी अर्धशतकीय साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के मैच में रविवार को यहां भारत के खिलाफ सात विकेट पर 187 रन बनाए।

मिलर ने 35 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन की पारी खेलने के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस (45रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की साझेदारी करके पारी को उस समय संवारा जब टीम 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी। ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन की पारी खेली।

जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। चक्रवर्ती को एक विकेट मिला लेकिन उन्होंने चार ओवर में 47 रन लुटाए। हार्दिक पंड्या ने भी चार ओवर में 45 रन खर्च किए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही।

बुमराह ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (06) को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई जबकि अर्शदीप सिंह ने अगले ओवर में मारक्रम (04) को मिड ऑफ पर पंड्या के हाथों कैच कराया।

रेयान रिकेल्टन (07) ने अर्शदीप पर छक्का जड़ा लेकिन अगले ओवर में बुमराह की गेंद को मिड ऑफ पर शिवम दुबे के हाथों में खेल गए जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 20 रन हो गया।

मिलर और ब्रेविस ने इसके बाद पारी को संवारा। दोनों बल्लेबाज शुरुआत से ही अच्छी लय में नजर आए।

मिलर ने चक्रवर्ती का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया और फिर अर्शदीप पर भी दो चौके मारे।

दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 41 रन बनाए।

मिलर ने चक्रवर्ती के अगले ओवर में छक्का मारा जबकि ब्रेविस ने भी इस स्पिनर की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा।

मिलर ने पंड्या जबकि ब्रेविस ने दुबे की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।

दक्षिण अफ्रीका के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ।

ब्रेविस ने अगले ओवर में दुबे पर अपना तीसरा छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर डीप मिडविकेट पर अभिषेक शर्मा के हाथों लपके गए।

मिलर ने दुबे के इसी ओवर में छक्के के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

ट्रिस्टन स्टब्स ने भी चक्रवर्ती पर छक्का मारा लेकिन मिलर ने लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच थमा दिया।

मार्को यानसेन भी दो रन बनाने के बाद अर्शदीप की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच दे बैठे।

स्टब्स ने अंतिम ओवर में पंड्या पर एक चौके और दो छक्के के साथ टीम का स्कोर 190 रन के करीब पहुंचाया। 

दक्षिण अफ्रीका :

एडेन मारक्रम का पंड्या बो अर्शदीप 04

क्विंटन डिकॉक बो बुमराह 06

रेयान रिकेल्टन का दुबे बो बुमराह 07

डेवाल्ड ब्रेविस का अभिषेक बो दुबे 45

डेविड मिलर का तिलक बो चक्रवर्ती 63

ट्रिस्टन स्टब्स नाबाद 44

मार्को यानसेन का रिंकू बो अर्शदीप 02

कोर्बिन बॉश का एवं बो बुमराह 05

कागिसो रबाडा नाबाद 00

अतिरिक्त: 11

कुल:20 ओवर में सात विकैट पर: 187 रन

विकेट पतन: 1-10, 2-12, 3-20, 4-117, 5-152, 6-158, 7-167

गेंदबाजी:

अर्शदीप 4-0-28-2

बुमराह 4-0-15-3

चक्रवर्ती 4-0-47-1

वाशिंगटन 2-0-17-0

पंड्या 4-0-45-0

दुबे 2-0-32-1

जारी (भाषा)


अन्य पोस्ट