ताजा खबर

गर्मी की उड़ानों में फिर कटौती! दिल्ली कम, प्रयागराज हफ्ते में सिर्फ 1 दिन
22-Feb-2026 10:25 AM
गर्मी की उड़ानों में फिर कटौती! दिल्ली कम, प्रयागराज हफ्ते में सिर्फ 1 दिन

हवाई सुविधा जनसंषर्ष समिति ने नए शेड्यूल पर जताया रोष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 फरवरी। गर्मी का शेड्यूल आते ही बिलासपुर के यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। एलायंस एयर  ने उड़ानों में फिर कटौती कर दी है। दिल्ली की फ्लाइट पहले ही अक्टूबर में घटा दी गई थी, अब उसे हफ्ते में दो दिन और कम कर दिया गया है। वहीं प्रयागराज की उड़ान अब सिर्फ हफ्ते में एक दिन रह गई है।

शुरुआती तीन साल तक बिलासपुर से दिल्ली के लिए हफ्ते के सातों दिन उड़ान मिलती थी। प्रयागराज के लिए चार दिन सेवा थी। यात्रियों की संख्या अच्छी होने के बावजूद अब उड़ानों में कटौती कर दी गई है।

लोगों का कहना है कि जब सीटें भर रही हैं, तो फिर कटौती क्यों?

सूत्रों के मुताबिक एयरलाइन के पास विमानों की कमी है। इसी वजह से छोटे शहरों की उड़ानें घटाई जा रही हैं। इसका सीधा असर बिलासपुर पर पड़ रहा है।

यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए रायपुर या अन्य शहरों का सहारा लेना पड़ सकता है।

समर शेड्यूल में एक भी उड़ान शाम या रात की नहीं रखी गई है। यानी नाइट लैंडिंग की सुविधा अभी भी शुरू नहीं हो पाई है। व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह बड़ी परेशानी है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस कटौती के खिलाफ शनिवार को धरने के दौरान विरोध दर्ज कराया। समिति के सदस्यों का कहना है कि यह शहर के साथ अन्याय है।

स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों ने भी मांग की है कि दिल्ली और प्रयागराज की उड़ानें पहले की तरह नियमित की जाएं। साथ ही नाइट लैंडिंग सुविधा भी जल्द शुरू की जाए।

समिति के प्रमुख सदस्यों में रवि बनर्जी, बद्री यादव, अनिल गुलहारे, डॉ. प्रदीप राही, रामशरण यादव, महेश दुबे, मनोज तिवारी, शिरीष कश्यप, अमर बजाज, प्रकाश बहरानी, परसराम कैवर्त, राशिद बक्श, संदीप बाजपेयी, चंद्रप्रकाश जायसवाल, रंजीत सिंह खनूजा, संतोष पिपलवा, रिषि राज गौतम, प्रवीण केसरी, मजर खान, मोहसिन अली और सुदीप श्रीवास्तव समेत कई लोग शामिल रहे।


अन्य पोस्ट