ताजा खबर

बजट सत्र में पेश होगा धर्मांतरण विरोधी विधेयक?
20-Feb-2026 4:44 PM
बजट सत्र में पेश होगा धर्मांतरण विरोधी विधेयक?

 एक हजार से अधिक सवाल, कांग्रेस विधायकों की 23, भाजपा की 23 को बैठक  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

रायपुर, 20 फरवरी। विधानसभा का बजट सत्र 23 तारीख से शुरू हो रहा है। इसकी रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस विधायक दल की रविवार को बैठक रखी गई है। सत्र में एक हजार से अधिक सवाल लगे हैं। आधा दर्जन से अधिक विधेयक पेश किए जाएंगे, जिसमें धर्मांतरण विरोधी विधेयक के भी पेश होने की संभावना है।

भाजपा ने सदन की कार्रवाई को लेकर रणनीति तैयार करने के लिए 23 तारीख को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने 23 तारीख को कांग्रेस विधायक दल की बैठक राजीव भवन में बुलाई है। यह सत्र 20 मार्च  तक चलेगा। इस दौरान कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा और पारित करने की कार्यवाही होगी।

 

सत्र के दूसरे दिन 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन में राज्य का वार्षिक बजट प्रस्तुत करेंगे। राज्य का सालाना बजट दो लाख करोड़ के आसपास होने का अनुमान है।

बताया जा रहा है कि सरकार का यह तीसरा पूर्ण बजट होगा, जिसमें महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए विशेष प्रावधान किए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक विपक्ष ने कानून व्यवस्था, नक्सल, धान खरीदी, और अन्य विषयों को लेकर काम रोको प्रस्ताव लाकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।

विपक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाने के संकेत दिए हैं।

राजनीतिक दृष्टि से भी यह सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सरकार अपनी नीतियों और विकास कार्यों का खाका पेश करेगी।


अन्य पोस्ट