ताजा खबर
दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन को एक 'असहज' पल से गुज़रना पड़ा.
वे प्रतिद्वंदी कंपनी एन्थ्रॉपिक के सीईओ डारियो अमोडेई के साथ मंच साझा कर रहे थे. अचानक से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां मौजूद टेक दिग्गजों के हाथ ऊपर उठाए, इस दौरान ऑल्टमैन डारियो के साथ हाथ उठाने में असहज नज़र आए.
पीटीआई के मुताबिक़ ऑल्टमैन ने कहा, "मैं थोड़ा उलझन में था और समझ नहीं पा रहा था कि मुझे क्या करना चाहिए."
"जैसे प्रधानमंत्री मोदी ने मेरा हाथ पकड़कर ऊपर कर दिया, मुझे समझ नहीं आया कि हमें क्या करना था. मुझे लगा यह कोई ओपन क्लॉक जैसा इशारा है."
ऑल्टमैन और अमोडेई थोड़ी देर के लिए उलझन में दिखे कि हाथ मिलाएं, बाज़ू पकड़ें, हवा में हाथ उठाएं या बस खड़े रहें. जब बाकी सबने हाथ पकड़कर ऊपर उठाए, तो उन दोनों ने भी ऐसा ही किया. लेकिन दोनों के हाथ आपस में मिले नहीं, बस मुट्ठी बांधे रहे.
डारियो अमोडेई और उनकी बहन डेनिएला पहले ओपनएआई में ही थे, लेकिन 2020 में उन्होंने कंपनी छोड़ दी. ऑल्टमैन और बोर्ड के साथ इनका मतभेद था. इसके बाद भाई-बहन ने एन्थ्रॉपिक शुरू किया. तब से इनका मुक़ाबला ओपनएआई से है. (bbc.com/hindi)


