ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 फरवरी। हाईवे पर ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर लूट की वारदात करने वाले गिरोह को हिर्री पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, पहचान कराई गई और फिर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई एक लूटकांड की जांच के दौरान मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर की गई। मामला 1 मार्च 2025 का है। आवेदक ट्रक ड्राइवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पेंड्रीडीह चौक स्थित राज ढाबा के पास कुछ युवकों ने उसे रोका, मारपीट की और लूटपाट कर फरार हो गए। इस रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले।
जांच में पता चला कि आरोपी पहले से कोनी थाना क्षेत्र के एक अन्य गंभीर मामले में भी शामिल थे। उस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। सूचना मिलने पर हिर्री पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर न्यायालय से पेश कराया और जेएमएफसी न्यायालय, बिल्हा से पुलिस रिमांड हासिल किया।
रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई। मेमोरण्डम और जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने घटना से जुड़े सबूत भी बरामद किए हैं।
पूछताछ और पहचान परेड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 18 फरवरी को आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों में जय दिवाकर उर्फ छोटू (20 वर्ष), निवासी बजरंग नगर आवासपारा, , सूरज साहू उर्फ दादू साहू (20 वर्ष), निवासी बहरामुड़ा, तिफरा, राम मंदिर के पास तथा प्रदीप धुरी उर्फ संजू बाबा (19 वर्ष), निवासी न्यू मननाडोल, तिफरा, काली मंदिर के सामने-तीनों आरोपी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 309(4), 238बी, 3(5) सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।


