ताजा खबर

झारखंड: 'डायन' बताकर महिला और नवजात को ज़िंदा जलाया
19-Feb-2026 9:15 AM
झारखंड: 'डायन' बताकर महिला और नवजात को ज़िंदा जलाया

-मोहम्मद सरताज आलम

झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम ज़िला के कलाईया गांव में 'डायन' बताकर 32 वर्षीय ज्योति सिंकू और उनके दो माह के नवजात को पेट्रोल डालकर ज़िंदा जला दिया गया.

घटना की पुष्टि ज़िला के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है.

उन्होंने बीबीसी से कहा, ''मामला कुमारडूंगी थाना क्षेत्र का है. मामले में चार लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है.''

उन्होंने कहा, ''अबतक हुई आरंभिक जांच में मामला डायन बिसाही से संबंधित प्रतीत हो रहा है. लेकिन एक विशेष टीम गठित करते हुए जांच की जा रही. जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी से अवगत करेंगे.''

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार गांव में पिछले कुछ दिनों से लोगों की बीमारी और मवेशियों की अचानक मौत की अफवाह फैली.

ग्रामीणों का एक समूह इसके लिए महिला ज्योति सिंकू को ही ज़िम्मेदार ठहरा रहा था. कथित तौर पर महिला को 'डायन' बताते हुए मंगलवार की रात लगभग 2 बजे एक दर्जन ग्रामीणों ने हमला कर दिया.

हमलावरों ने सो रहे ज्योति के परिवार पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. जिससे ज्योति सिंकू और उनके मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि अधिक झुलस जाने के कारण उनके पति की हालत गंभीर है.  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट