ताजा खबर

रेलवे में विकास की रफ्तार पर सांसदों ने मुहर लगाई
18-Feb-2026 11:05 AM
रेलवे में विकास की रफ्तार पर सांसदों ने मुहर लगाई

रायपुर मंडल की बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर, नई ट्रेनों और स्टॉपेज की मांग उठी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 18 फरवरी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं को लेकर सांसदों ने संतोष जताया है। साथ ही उन्होंने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों की जनता की मांगों को सामने रखते हुए नई ट्रेनें, स्टॉपेज और स्टेशन सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा भी मजबूती से उठाया।

17 फरवरीको रायपुर स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ सांसदों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की।

बैठक में कांकेर के सांसद भोजराज नाग, बस्तर के सांसद महेश कश्यप, महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। रेलवे मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव रेलवे सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहायक होंगे।

बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसदों ने अपने क्षेत्रों में ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने, नई रेल सेवाएं शुरू करने और यात्री सुविधाओं को मजबूत करने का आग्रह किया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि छत्तीसगढ़ को मिली नई ट्रेनों, चल रहे विकास कार्यों, प्लेटफॉर्म सुधार, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। ट्रेन क्षमता बढ़ाने और आधारभूत ढांचे के विस्तार की जानकारी भी साझा की गई।

महाप्रबंधक ने सांसदों को आश्वासन दिया कि नियमों के अनुसार उठाए गए सभी सुझावों और मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के अंत में उप महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कांत माथुर ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

बैठक के बाद रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने “वन स्टेशन वन प्रोडक्ट” स्टॉल की संचालिका जानकी सिन्हा को सम्मानित किया। उनके स्टॉल पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन ठेठरी, खुरमी और अरसा काफी लोकप्रिय हो रहे हैं।

इसके अलावा राधा को मुरकू, चकली, अचार-पापड़-बड़ी के लिए सम्मानित किया गया। वहीं रायपुर मंडल के वरिष्ठ तकनीशियन और स्क्रैप आर्टिस्ट अशोक देवांगन को कबाड़ से तैयार की गई दुर्गा माता, भगवान विश्वकर्मा, भगवान बुद्ध, मेक इन इंडिया शेर, बस्तर आर्ट और 12 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा जैसी कलाकृतियों के लिए सराहा गया।


अन्य पोस्ट