ताजा खबर
ड्यूटी पर नहीं था, फिर भी रात में पहुंचा था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 18 फरवरी। अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार सुबह ऑपरेशन थिएटर के भीतर एक वार्ड बॉय मृत हालत में मिला। वह उस रात ड्यूटी पर भी नहीं था। खबर फैलते ही परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक समेलाल सिदार (उम्र लगभग 40 वर्ष) सक्ती जिले के रजगा गांव का रहने वाला था और अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात वह ड्यूटी पर नहीं था, फिर भी नशे की हालत में अस्पताल पहुंच गया। देर रात वह ऑपरेशन थिएटर के भीतर एक बेड पर जाकर सो गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और नर्स ने सोचा कि वह परिवार से मिलने आया होगा और थकान के कारण सो रहा है, इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
मंगलवार सुबह जब ऑपरेशन थिएटर का दरवाज़ा खोला गया तो स्टाफ की नजर समेलाल पर पड़ी। काफी देर तक आवाज देने और हिलाने-डुलाने के बाद भी जब वह नहीं उठा तो मामला संदिग्ध लगा।
तुरंत बीएमओ डॉ. आर्मो को सूचना दी गई। जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि उसकी मौत करीब तीन-चार घंटे पहले हो चुकी थी। प्रारंभिक आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी।
समेलाल सिदार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी पत्नी सीमा सिदार जैजैपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत है। दोनों बच्चों में एक बेटा और एक बेटी है, जो जैजैपुर में रहते हैं।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की पड़ताल कर रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।


