ताजा खबर

बीड में 12वीं कक्षा की परीक्षा में सामूहिक नकल कराने के आरोप में पांच शिक्षक निलंबित
17-Feb-2026 8:10 PM
बीड में 12वीं कक्षा की परीक्षा में सामूहिक नकल कराने के आरोप में पांच शिक्षक निलंबित

बीड (महाराष्ट्र), 17 फरवरी। महाराष्ट्र के बीड जिले में एक परीक्षा केंद्र पर 12वीं कक्षा की परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर नकल कराने के आरोप में पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि 10 फरवरी को महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के पहले दिन चौसाला में केंद्र 224 पर बड़े पैमाने पर नकल का ड्रोन कैमरे से खुलासा होने के बाद पुलिस ने 17 शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

अधिकारियों द्वारा तैनात ड्रोन आधारित निगरानी कैमरों ने 16 परीक्षा कक्षों में पर्यवेक्षकों को न केवल नकल रोकने में विफल रहते, बल्कि छात्रों को कथित रूप से खुलेआम नकल कराने में मदद करते हुए भी रिकॉर्ड किया।

अधिकारी ने कहा कि इस कदाचार के संबंध में लिंबागणेश स्थित भालचंद्र विद्यालय के पांच शिक्षकों को निलंबित किया गया है, जबकि तीन अन्य शैक्षणिक संस्थानों के 12 शिक्षकों के खिलाफ जांच की जा रही है और जांच का दायरा बढ़ने पर उन्हें भी निलंबित किया जा सकता है।

बीड के जिलाधिकारी विवेक जॉनसन ने 10 फरवरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद चूक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

उनके अनुसार, नेकनूर थाने में परीक्षा केंद्र के मुख्य संचालक सहित 17 शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और महाराष्ट्र विश्वविद्यालय, बोर्ड तथा अन्य निर्दिष्ट परीक्षाएं (कदाचार निवारण) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत आरोप लगाए गए।

बाद में शिक्षा विभाग ने संबंधित संस्थानों को आरोपी कर्मचारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया। (भाषा)


अन्य पोस्ट