ताजा खबर
15 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुक़ाबले में एक दिलचस्प रिकॉर्ड बना.
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को खेले गए 27वें मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 राउंड में पहुंच गई है.
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार पाकिस्तान ने 6 स्पिनरों का इस्तेमाल किया और रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले किसी भी टीम ने वर्ल्ड कप मैच में 6 स्पिनरों से गेंदबाज़ी नहीं कराई थी. पाकिस्तान ने इस मैच में 18 ओवर स्पिनरों से डलवाए.
फास्ट बॉलिंग के लिए मशहूर रही पाकिस्तान की टीम ने इस मैच में महज़ दो ओवर ही पेसर से डलवाए. शाहीन शाह अफ़रीदी ने दो ओवर डाले और वो काफ़ी महंगे साबित हुए.
पाकिस्तान ने इससे पहले कोलंबो के इसी ग्राउंड पर 2 अक्तूबर 2012 को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 18 ओवर स्पिनरों से डलवाए थे और दो ओवर पेसर उमर गुल ने डाले थे. उस मैच में पाकिस्तान को जीत मिली थी, हालांकि इस बार ऐसा नहीं हो सका. (bbc.com/hindi)


