ताजा खबर
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले मुक़ाबले को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि इस मैच में जबरदस्त रोमांच होना चाहिए.
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में सौरव गांगुली ने कहा, "मैच हाई वोल्टेज होना चाहिए. पिछले कई सालों से ऐसा हुआ नहीं है. मैच अच्छा होना चाहिए."
भारतीय टीम की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा, "भारत की टीम बहुत अच्छी है, बहुत मज़बूत है. आशा करेंगे कि सिर्फ़ पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ही नहीं, पूरे वर्ल्ड कप में अच्छा खेले."
सौरव गांगुली ने वर्ल्ड कप में भारत के साथ होने वाले मैच का बॉयकॉट करने के पाकिस्तान के फ़ैसले की आलोचना की.
उन्होंने कहा, "उनका फ़ैसला ग़लत था. क्रिकेट खेलना चाहिए. आप वर्ल्ड कप कैसे मिस कर सकते हो? पर अच्छा हुआ कि वे खेले हैं. उनके लिए भी अच्छा है क्योंकि वर्ल्ड कप में प्वॉइंट खोना सही नहीं है."
इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान ने पाकिस्तान के साथ हाई स्कोरिंग मैच की भी उम्मीद जताई.
अभिषेक शर्मा को लेकर उन्होंने कहा, "अभिषेक शर्मा फिट है, ये इंडिया के लिए बहुत अच्छी ख़बर है... ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, पांड्या, दुबे, सब छक्के मारते हैं."(bbc.com/hindi)


