ताजा खबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्रह्मपुत्र नदी पर गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ने वाले कुमार भास्कर वर्मा ब्रिज का उद्घाटन किया.
क़रीब 3,030 करोड़ रुपये की लागत से बना 6-लेन का यह पुल, गुवाहाटी को बड़े हिस्से को उत्तर गुवाहाटी से जोड़ता है. यह भारत के उत्तर-पूर्व इलाक़े का पहला एक्सट्राडोज़्ड पुल है.
इस इलाक़े में भूकंप की संभावना को देखते हुए, पुल में फ्रिक्शन पेंडुलम बेयरिंग का इस्तेमाल किया गया है.
पीएम मोदी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, "ब्रह्मपुत्र पर बना कुमार भास्कर वर्मा सेतु गुवाहाटी और उसके आस-पास के इलाक़ों के लिए एक ज़रूरी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है. इससे कनेक्टिविटी, सुविधा और व्यवसाय में काफ़ी बढ़ोतरी होगी. इससे श्रद्धालु ज़्यादा आसानी से कामाख्या मंदिर जा सकेंगे."
प्रेस इन्फ़ॉर्मेशन ब्यूरो यानी पीआईबी के मुताबिक़, असम में पीएम मोदी के कार्यक्रम में 5,450 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और हरी झंडी दिखाना शामिल है.
पीएम मोदी ने असम में एक जनसभा में कहा, "कांग्रेस ने 7 दशकों में ब्रह्मपुत्र पर केवल 3 पुल बनाए, जबकि बीजेपी ने 10 साल में 5 पुल बनवाए."
उन्होंने पुलवामा हमले को याद करते हुए कहा, "आज ही पुलवामा हमले की बरसी है… इस आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों को सज़ा दी, उसे पूरी दुनिया ने देखा है. कुछ लोग तो अभी भी कांप रहे हैं. अभी आपने भारत की ये शक्ति ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भी देखी है." (bbc.com/hindi)


