ताजा खबर
शव रायपुर की ओर ले जाया गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 7 नवंबर। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड के कोडेकुर्से के एक मतांतरित युवक का अंतिम संस्कार आखिरकार बस्तर संभाग भर में नहीं हो सका। शव रायपुर की ओर ले जाया गया।
कोडेकुर्से के मतांतरित मनोज निषाद का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। युवक का तीन दिन पहले निधन हुआ था। अंतिम संस्कार के स्थान को लेकर गांव के कुछ निवासियों और मृतक परिवार से जुड़े ईसाई समुदाय के बीच मतभेद की स्थिति बन गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने गांव में दफनाने पर आपत्ति जताई। दूसरी ओर, मृतक के परिजन और समुदाय के सदस्यों का कहना था कि अंतिम संस्कार गांव में ही किया जाए।
प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों के साथ वार्ता की गई। अधिकारियों के अनुसार, बातचीत के बाद शव को चारामा स्थित कब्रिस्तान में ले जाने पर सहमति बनी थी। हालांकि, चारामा में भी अंतिम संस्कार नहीं हो पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब शव को रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई थी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास जारी है। सभी पक्षों से संवाद कर समाधान निकाला जाएगा।


