ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 नवंबर। लालखदान रेल हादसे ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिवार को भी गहरे शोक में डाल दिया है। दुर्घटना में विश्वविद्यालय की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा प्रिया चंद्रा (22 वर्ष) की मौत हो गई। मंगलवार को वे चांपा से बिलासपुर आ रही थीं, लेकिन लालखदान के पास हुई ट्रेन दुर्घटना ने उनकी जीवन यात्रा अचानक रोक दी। देर रात जब राहत और बचाव दल ने शवों की पहचान शुरू की, तब उनकी पहचान पक्की हुई।
प्रिया चंद्रा विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में बीएससी की पढ़ाई कर रही थीं। अपने मेहनती स्वभाव, सरल व्यवहार और अध्ययन के प्रति समर्पण के कारण वह शिक्षकों और साथियों के बीच प्रिय थीं। हादसे के बाद उन्हें कुछ समय तक लापता यात्रियों की सूची में शामिल किया गया, लेकिन देर रात तलाशी अभियान के दौरान रेलवे अस्पताल में उनके कपड़ों से पहचान हुई। प्रिया का पैतृक गांव जैजैपुर ब्लॉक के बहेराडीह में है। सूचना मिलते ही गांव में सन्नाटा छा गया। उनके पिता अशोक चंद्रा, जो तुषार सहकारी समिति में प्रबंधक हैं, हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल बिलासपुर पहुंचे। अस्पताल में मृतक की उसकी कपड़ों से पहचान हुई।


