ताजा खबर

बिलासपुर रेल हादसा, 11 में से 4 मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई
05-Nov-2025 11:04 AM
बिलासपुर रेल हादसा, 11 में से 4 मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई

20 घायलों का इलाज जारी, यातायात बहाल, राज्योत्सव रद्द कर राहत कार्य में लगा रहा प्रशासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 5 नवंबर। बिलासपुर और गतौरा स्टेशन के बीच हुई मालगाड़ी और गेवरा मेमू लोकल ट्रेन की टक्कर में अब तक 11 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 यात्री घायल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चार मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

मालूम हो कि 4 नवंबर की शाम लगभग 4 बजे गेवरा मेमू लोकल बिलासपुर स्टेशन के आउटर से गुजर रही थी। उसी समय सामने मालगाड़ी खड़ी थी, जिससे टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए। इसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए। रातभर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया।

इस हादसे में अब तक 11 यात्रियों की जान जा चुकी है। इनमें से सात की पहचान हो गई है। मृतकों में विद्यासागर (55, लोको पायलट), प्रमिला वस्त्रकार (55,बिलासपुर), रंजीत भास्कर (32, जांजगीर), अर्जुन यादव (35, देवरीखुर्द), शिला यादव (30), मानमति यादव (65) और प्रिया चंद्रा (22, जैजैपुर) शामिल हैं।

चार शवों की पहचान अभी बाकी है। रेलवे और पुलिस उनके परिजनों की तलाश कर रही है।

घायल यात्रियों को सिम्स, अपोलो, जिला अस्पताल और एलाइट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनमें असिस्टेंट लोको पायलट रश्मि राज और ट्रेन मैनेजर हरबंश की हालत गंभीर है। दोनों को अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रेल प्रशासन ने घायलों के लिए तुरंत 50,000 की अनुग्रह सहायता राशि दी है। वहीं केंद्र सरकार की ओर से मृतकों के परिवार को 10 लाख, गंभीर घायलों को 5 लाख और सामान्य घायलों को एक लाख रुपये देने की घोषणा की गई है। राज्य सरकार भी मृतकों के परिजनों को 5 लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा कर चुकी है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली से लगातार स्थिति की निगरानी की और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।
रेलवे अधिकारियों की टीमें मौके पर तैनात रहीं और सुबह तक पटरियों की मरम्मत का काम पूरा किया गया।
बुधवार सुबह 5:30 बजे तक रेल यातायात बहाल कर लिया गया। डाउन मेनलाइन कल शाम 18:16 बजे तथा  मिडलाइन  21:35 बजे चालू किया गया। अप मेनलाइन में यातायात की बहाली सुबह 3:52 बजे और अप आउटर लाइन में 5:30 बजे हो सकी।

हादसे के बाद शहर के समाजसेवी संगठन, एनसीसी, स्काउट-गाइड और एनएसएस के छात्र तुरंत राहत कार्य में जुट गए। किसी ने स्ट्रेचर उठाया, तो किसी ने घायल परिजनों को ढूंढकर जोड़ा। हर ओर सहयोग और संवेदना का वातावरण था।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही बिलासपुर पुलिस मैदान में चल रहा राज्योत्सव तुरंत रद्द कर दिया गया।
मंगलवार को विधायक अनुज शर्मा सहित अंतिम दिन कई प्रसिद्ध कलाकारों के कार्यक्रम होने थे, परंतु प्रशासन ने शोक की घड़ी में जश्न न मनाने का निर्णय लिया।


अन्य पोस्ट