ताजा खबर

अभा परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में अव्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध
02-Nov-2025 7:41 PM
अभा परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में अव्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध

अपने सामान लेकर बाहर निकले

छत्तीसगढ़' संवाददाता 
रायपुर,  2  नवंबर ।
रविवि परिसर स्थित अभा परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में अव्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध किया तो उन्हें घर जाने या अपनी व्यवस्था करने कह दिया। इस पर सभी अभ्यर्थी अपने बैगेज लेकर निकल ग‌ए।

इनका चयन राजीव उत्थान योजना के तहत चयन परीक्षा आयोजित कर किया जाता है। इस योजना में अजा जजा और ओबीसी वर्ग के 100 अभ्यर्थियों का चयन होता है। इनमें युवतियां भी शामिल हैं। चयन के बाद इन्हें इस दो मंजिलें हास्टल सह प्रशिक्षण केन्द्र में रखकर कोचिंग दी जाती है। अभी ये लोग ,एस‌एससी 14 नवंबर और 17 नवंबर को एक अन्य  भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इस बीच शनिवार को विभाग के अफसर आए और उन्हें केंद्र खाली करने कहा। बताया गया है कि यहां , एकलव्य खेलों के लिए चयनित बालक बालिकाओं की व्यवस्था की जा रही है। यह खेल ओडिशा में होने है। इस पर इन अभ्यर्थियों ने अपनी व्यवस्था की मांग की तो कहा गया कि बाजू के एक अन्य हास्टल में की जा रही है।

वहां जाने पर पहले से ही वे ही खिलाड़ी ठहराए गए थे। इस पर अभ्यर्थियों ने आपत्ति की तो एडजस्ट होने कह दिया गया। जब शुक्रवार रात गुजार कर अभ्यर्थियों ने शनिवार को विरोध किया तो उन्हें दो टूक कह दिया गया बाहर अपनी व्यवस्था कर लें या घर चले जाएं। इसके विरोध में सभी अभ्यर्थी अपने बैगेज लेकर निकल गए। इन्होंने कहा कि पहले भी आवासीय केंद्र में न तो अच्छे भोजन की व्यवस्था है, न परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें। ट्रेन के जनरल डिब्बे से भी बदतर इंतजाम के बीच रहकर पढ़ाई कर रहे थे।


अन्य पोस्ट