ताजा खबर
बिहार में महागठबंधन के सीएम फ़ेस और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने 'बाहुबली' नेता अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में 'महाजंगलराज' की स्थिति है.
तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर कहा, "जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया है. ये तो होना ही था."
उन्होंने बिहार में क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आगे कहा, "प्रधानमंत्री जी आज (बिहार) आ रहे हैं. आज भी रोहतास में, आरा में पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई. लगातार महाजंगलराज की स्थिति बिहार में बनी हुई है."
"कोई ऐसा दिन नहीं, जब बिहार में गोलियां ना चल रही हों. ये प्रधानमंत्री जी को नहीं दिखता है."
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और वह सरकार बनने के बाद अपराधियों पर कार्रवाई करेंगे.
उन्होंने कहा, "हम सब लोगों को बता देना चाहते हैं कि हम लोगों की सरकार बनने जा रही है. 14 तारीख़ को नतीजे आने वाले हैं और 18 को शपथ होगी. 26 नवंबर से 26 जनवरी के बीच में चाहे कोई जाति, कोई धर्म के कोई भी अपराधी हों. बीच में खरवास आता है. इस खरवास में सभी अपराधियों को जेल भेजने का काम तेजस्वी करेगा."
उन्होंने कहा कि इन अपराधियों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी.
वहीं जेडीयू नेता राजीव रंजन का कहना है, "यह विपक्ष को करारा जवाब है. बिहार की कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठाने वालों को अब फर्क समझ में आ गया होगा."
"1990 से 2005 के बीच जब ऐसे अपराध होते थे, तब पुलिस की हिम्मत नहीं होती थी कि वह राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर सके, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में, जब भी पार्टी या गठबंधन के किसी नेता ने कानून को हाथ में लेने की कोशिश की, तुरंत कार्रवाई हुई."
उन्होंने कहा, "अनंत सिंह की ताज़ा गिरफ्तारी उसी दिशा में एक बड़ा और साहसिक फैसला है."
पटना पुलिस ने शनिवार देर रात दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में अनंत सिंह को गिरफ़्तार किया है. अनंत सिंह मोकामा से जेडीयू के उम्मीदवार हैं. (bbc.com/hindi)


