ताजा खबर

मजिस्ट्रेट के इंतजार में बैठे थे जवान, हथकड़ी खोलकर भाग निकले आरोपी
02-Nov-2025 11:35 AM
मजिस्ट्रेट के इंतजार में बैठे थे जवान, हथकड़ी खोलकर भाग निकले आरोपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 2 नवंबर। चकरभाठा पुलिस की लापरवाही से शनिवार को दो बदमाश पुलिस की आंखों के सामने से ही फरार हो गए। पुलिस टीम इन बदमाशों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के कार्यालय लेकर पहुंची थी। मगर अधिकारी के न आने पर जवान वहीं इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने मौका पाकर हथकड़ी खोल ली और पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।

अचानक हुई इस घटना से जवानों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों फरार बदमाशों की तलाश में जुट गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में दबिश दी, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।

जानकारी के मुताबिक, दोनों बदमाशों को चकरभाठा क्षेत्र के तेलसरा गांव से पकड़ा गया था। पुलिस ने उनके घरवालों को भी घटना की जानकारी दी है और निर्देश दिया है कि बदमाशों के आते ही थाने को सूचित किया जाए। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों की तलाश में है, लेकिन फिलहाल उनका कोई पता नहीं चल पाया है।


अन्य पोस्ट