ताजा खबर

पूर्व विधायक राधेश्याम शुक्ल का निधन, कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
31-Oct-2025 12:27 PM
पूर्व विधायक राधेश्याम शुक्ल का निधन, कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 31 अक्टूबर। पूर्व विधायक राधेश्याम शुक्ल का गुरुवार को निधन हो गया। शुक्रवार को बिलासपुर में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें सभी दलों के जनप्रतिनिधि, समर्थक और परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। उनके बड़े पुत्र राकेश शुक्ल ने उन्हें मुखाग्नि दी।

राधेश्याम शुक्ल का जन्म वर्ष 1933 में वर्तमान जांजगीर जिले के महुदा ग्राम के मालगुजार परिवार में हुआ था। उन्होंने बिलासपुर के एसबीआर कॉलेज से 1954 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की और 1956 में नागपुर के मात्रिय कॉलेज से इतिहास विषय में स्नातकोत्तर व एलएलबी की उपाधि प्राप्त की।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शासकीय सेवा से की थी और नायब तहसीलदार के रूप में कार्य किया। इसके बाद कुछ समय बागबहरा के महाविद्यालय में इतिहास के व्याख्याता रहे। लेकिन समाजसेवा के प्रति गहरी रुचि के कारण उन्होंने नौकरी छोड़ दी और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हो गए। वे खैरा ग्राम पंचायत के दस वर्ष तक सरपंच रहे तथा बिल्हा जनपद पंचायत के सदस्य के रूप में युवाओं को संगठित कर ‘युवक मंडल’ की स्थापना की, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला। राधेश्याम शुक्ल ने 1972 में बलौदा क्षेत्र से पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 1977 और 1980 में सीपत क्षेत्र से लगातार विधायक चुने गए। उन्होंने जनता शासन और कांग्रेस शासन, दोनों ही अवधि में सक्रिय भूमिका निभाई और प्राक्कलन समिति के सदस्य के रूप में मध्यप्रदेश का नेतृत्व किया।

उनके निधन पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) ने गहरा शोक व्यक्त किया। शहर अध्यक्ष विजय पांडेय और ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि स्वर्गीय शुक्ल ने सीपत क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। वे मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम के उपाध्यक्ष भी रहे। उनका असामयिक निधन कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।

पूर्व अपैक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, पूर्व महामंत्री अर्जुन तिवारी, पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व सभापति शेख नजीरुद्दीन, ऋषि पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन, अरविंद शुक्ला, विनोद साहू और मोती ठारवानी सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।


अन्य पोस्ट