ताजा खबर
ढाई हजार हृदय रोग पीडि़त बच्चों से भी मिलेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अक्टूबर। पीएम नरेंद्र मोदी राज्य स्थापना दिवस समारोह के मौके पर विशेष पिछड़ी जनजाति के नेत्रहीन मुखिया को पीएम आवास की चाबी सौंपेंगे। हितग्राहियों में महिला, और अन्य वर्ग लोग भी होंगे। मंच पर हितग्राहियों से चर्चा कर सकते हैं।
राज्य स्थापना दिवस के मौके पर एक दिन में साढ़े तीन लाख परिवार का गृह प्रवेश होगा। पीएम आवास योजना के उक्त हितग्राहियों को जिलों में चाबी सौंपी जाएगी। पीएम मोदी राज्योत्सव के मंच से प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के हितग्राहियों को आवास योजना की चाबी सौंपेंगे। इनमें बलरामपुर जिले के विशेष पिछड़ी जाति परिवार के नेत्रहीन मुखिया मुखिया भी हैं, जिन्हें पीएम चाबी सौंपेंगे।
यही नहीं, गरियाबंद जिले की कमार जनजाति की महिला हितग्राही को भी पीएम, आवास योजना की चाबी देंगे। इस तरह के अलग-अलग वर्ग के हितग्राहियों को पीएम चाबी सौंपेंगे।
पीएम कार्यक्रम में पीएम आवास के करीब तीन लाख हितग्राहियों को किश्त भी जारी करेंगे। यह राशि करीब साढ़े 12 सौ करोड़ है। वैसे तो पीएम आवास योजना
सालों से चल रही है, लेकिन 34 फीसदी मकान पिछले 22 महीने में बने हैं। रोजाना औसतन 19 सौ मकान बन रहे हैं।
राज्योत्सव समारोह से पहले पीएम नरेंद्र मोदी सुबह नवा रायपुर में सत्यसांई संजीवनी अस्पताल में हृदय रोग से पीडि़त करीब ढाई हजार बच्चों से मिलेंगे।
राज्योत्सव में भाजपा ने अपने स्तर पर भीड़ जुटाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। करीब ढाई सौ पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो व्यवस्था संबंधी काम देखेंगे। सरकार के 3 मंत्रियों को व्यवस्था संबंधी काम में लगाया गया है। इनमें डिप्टी सीएम अरूण साव, केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी हैं। पीएम का नवा रायपुर में रोड शो भी होगा, जिसमें हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसके अलावा राज्योत्सव की सभा में एक लाख लोग के आने की उम्मीद जताई जा रही है। पीएम नरेन्द्र मोदी राज्योत्सव के दौरान स्टाल का भी अवलोकन करेंगे। सरकार के अलग-अलग विभागों के अलावा निजी संस्थानों ने भी स्टाल लगाए हैं, और अपने कामकाज और उपलब्धियों की जानकारी दी है।


