ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’संवाददाता
कोरबा, 28 अक्टूबर। बालको रेलवे लाइन पर रविवार देर रात असामाजिक तत्वों ने एक मालगाड़ी के इंजन पर पथराव कर दहशत फैला दी। घटना डेंगूरनाला पुल और सीएसईबी चौक के बीच की बताई जा रही है। उस समय मालगाड़ी बालको प्लांट से कोयला खाली कर वापस स्टेशन लौट रही थी। पथराव इतना तेज था कि इंजन की खिड़की का कांच टूट गया और लोको पायलट ओपी आदिले के सिर पर लगने से वे घायल हो गए। उनके साथ असिस्टेंट लोको पायलट सुनील कुमार भी इंजन में मौजूद थे।
घटना के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से स्टेशन तक लाया गया, जहां दोनों पायलटों ने स्टेशन मास्टर को घटना की पूरी जानकारी लिखित रूप में दी। शुरुआती तौर पर रेलवे अधिकारियों ने पुलिस को सूचना नहीं दी, लेकिन बाद में मामला गंभीर मानते हुए रेलवे के साइट इंचार्ज ने बालको थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि घटना में असामाजिक तत्व या कोयला चोरी में लिप्त गिरोह शामिल हो सकते हैं।
पिछले कुछ महीनों में डेंगूरनाला के आसपास कई बार कोयला चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चोरों द्वारा कई बार ट्रेनों को रोककर कोयला गिराने के मामले दर्ज किए गए हैं। रविवार रात की इस वारदात के बाद लोको पायलटों में भारी रोष और भय का माहौल है। उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए बालको रूट पर ट्रेन चलाने से इनकार कर दिया है। इससे रेलवे के संचालन पर असर पड़ा है और प्लांट तक कोयले की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस और आरपीएफ की टीम ने घटनास्थल पर गश्त शुरू कर दी है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।


