ताजा खबर
अफवाह फैलाई जा रही- प्रशासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदा बाजार / रायपुर, 27 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस ने बलौदा बाजार जिले के एक गांव में डेढ़ सौ से अधिक गायों की भूख-बीमारी से मौत होने का दावा किया है। जबकि जिले के पशु चिकित्सा अधिकारियों ने इससे इंकार किया है। उन्होंने कहा, कि दो गायों की मौत हुई, इनमें से एक स्थानीय किसान की थी।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेन्द्र सिंह ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में बताया कि वो खुद गायों के मरने सूचना मिलने पर अमेरा गांव गए थे। वहां दो गाय मृत पाई गई।

उन्होंने बताया कि एक गाय किसान की थी, जो कि काफी समय से बीमार थी। जबकि एक अन्य गाय भी बीमारी से हुई है। उनकी ग्रामीणों से भी चर्चा हुई है। डेढ़ सौ गायों की मौत की खबर पूरी तरह गलत है। यह अफवाह फैलाई जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने दावा किया कि बलौदाबाजार जिला के अमेंरा गांव में 150 से अधिक गायों की भूख से मौत हो गई। इस सिलसिले में पार्टी ने तस्वीर भी जारी की है, इसमें में डेढ़ सौ गायों की पुष्टि नहीं हो पाई है।


