ताजा खबर

ओडिशा का नुआपाड़ा उपचुनाव: पांच उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज, 14 वैध पाए गए
23-Oct-2025 8:17 PM
ओडिशा का नुआपाड़ा उपचुनाव: पांच उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज, 14 वैध पाए गए

भुवनेश्वर, 23 अक्टूबर। ओडिशा में 11 नवंबर को होने वाले नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नामांकन पत्र तकनीकी त्रुटियों के कारण जांच के दौरान खारिज कर दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय से जुड़े सूत्रों ने यहां बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

कुल 19 उम्मीदवारों ने उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था, जिनमें आठ राजनीतिक दलों के और 11 निर्दलीय उम्मीदवार थे।

हालांकि, बुधवार को हुई जांच के दौरान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार राजाराम साहू, राष्ट्रीय परिवर्तन दल के सीताराम बेहरा और तीन निर्दलीय उम्मीदवार कमल कुमार छत्रिया, पुरुषोत्तम बेहरा और भुजबल अडबंग के नामांकन खारिज कर दिए गए, जिससे अब 14 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं।

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के अनुसार, जय ढोलकिया (भारतीय जनता पार्टी), स्नेहांगिनी छुरिया (बीजू जनता दल), घासीराम माझी (कांग्रेस), रमाकांत हाती (समाजवादी पार्टी), हेमंत टांडी (बहुजन मुक्ति पार्टी), सुखधर डंडसेना (ओडिशा जनता दल) और आठ निर्दलीय उम्मीदवारों, आश्रय महानंद, चक्रान्त जेना, भुबनलाल साहू, लोचन माझी, किशोर कुमार बाघ, भक्तबंधु धरुआ, नीता बाघ और लक्ष्मीकांत टांडी के नामांकन वैध पाए गए।

इस उपचुनाव में सत्ताधारी भाजपा, विपक्षी बीजद और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। इन तीनों ने पहले ही अपने उम्मीदवारों के लिए सघन अभियान शुरू कर दिए हैं।

यह चुनाव राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि 2024 के चुनावों में भाजपा की जीत के बाद यह मुख्यमंत्री मोहन माझी के लिए पहली चुनावी परीक्षा होगी।

यह उपचुनाव बीजू जनता दल के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जिसने 24 साल बाद सत्ता खो दी थी, भले ही 2024 के विधानसभा चुनावों में उसे मिले वोटों का प्रतिशत भाजपा से अधिक था। बीजद ने 40.22 प्रतिशत वोट हासिल किए, जबकि भाजपा ने 40.07 प्रतिशत और कांग्रेस ने लगभग 13 प्रतिशत वोट हासिल किए।

यह मुकाबला तब और रोचक हो गया जब बीजद के संभावित उम्मीदवार जय ढोलकिया भाजपा में शामिल हो गए और उसके उम्मीदवार बन गए, जो दिवंगत विधायक राजेंद्र ढोलकिया के बेटे हैं।

ढोलकिया के दल-बदल के बाद बीजद ने अपनी महिला शाखा की अध्यक्ष और पड़ोसी बरगढ़ जिले की पूर्व मंत्री स्नेहांगिनी छुरिया को मैदान में उतारा।

ओडिशा में भक्त चरण दास के नेतृत्व वाली कांग्रेस ने घासीराम माझी को उम्मीदवार बनाया है, जो एक आदिवासी नेता हैं और उन्होंने 2024 के आम चुनावों में नुआपाड़ा में दूसरे सबसे अधिक वोट हासिल किए थे। कालाहांडी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व सांसद दास के लिए यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, जिसका नुआपाड़ा एक हिस्सा है।

2024 के विधानसभा चुनावों में ढोलकिया ने चौथी बार नुआपाड़ा सीट जीती थी और उन्हें 61,822 वोट मिले थे, जबकि तब कांग्रेस से बागी हुए और अब पार्टी के उम्मीदवार घासीराम माझी ने निर्दलीय लड़ते हुए 50,941 वोट हासिल किए थे। कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार और तत्कालीन ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष सरत पटनायक को 15,501 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के अभिनंदन पांडा 40,814 से अधिक वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। (भाषा)


अन्य पोस्ट