कोरबा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 9 मार्च। आज सुबह जंगल से भटक कर गांव पहुंचे एक तेंदुए ने एक वृद्ध पर हमला कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग व पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। घायल ग्रामीण को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं तेंदुए को पकडऩे की कोशिश की जा रही है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दीपिका थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम बतारी में स्थित इंडस पब्लिक स्कूल के बाउंड्रीवॉल में एक तेंदुआ घुस आया। बाउंड्रीवॉल के पास एक वृद्ध रकबर सिंह पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया है। इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हडक़ंप मचा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही दीपका पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुआ समाचार लिखे जाने तक दोपहर 12.30 बजे बाउंड्रीवॉल के पास धमाचौकड़ी मचा रहा है। घायल वृद्ध को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में भेजा गया है।