खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

आम आदमी की आवाज बनना गुनाह हो गया- गिरवर जंघेल
06-Apr-2023 3:27 PM
आम आदमी की आवाज बनना गुनाह हो गया- गिरवर जंघेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 6 अप्रैल।
खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गिरवर जंघेल एवं कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी गण राहुल गांधी पर हुए कार्रवाई को लेकर स्थानी रेस्ट हाउस में अपना आक्रमक रुख अपनाते हुए उनके द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस लिया गया। राहुल गांधी पर हुए एक्शन के बाद उनके पक्ष में मोदी सरकार से कांग्रेसी जवाब मांग रहे हैं।

पूर्व विधायक गिरवर जंघेल ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में आम आदमी की आवाज बनना और भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाना गुनाह हो गया है। देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा चार बार के सांसद राहुल गांधी जब संसद के अंदर बोलने खड़े होते हैं, तो उनको बोलने नहीं दिया जाता उनका माइक बंद कर दिया जाता है। दूसरी ओर सत्ता दल के सांसद बहुमत के अतिवादी चरित्र का प्रदर्शन करते हुए संसद की कार्रवाई चलने नहीं दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अपने पद की गरिमा को तार-तार करते हुए बयान बाजी करने में लगे हुए हैं। जब इन सब से भी राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी और विपक्षी की आवाज दबा नहीं पाते हैं तो राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने का षड्यंत्र रचा जाता है।

प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक गिरवर जंघेल ने कहा कि आखिर मोदी सरकार पूरे देश को यह क्यों नहीं बताती कि अडानी की कंपनी में शैल कंपनियों के 20 हजार करोड़ रुपए किसके हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अडानी से क्या रिश्ता है।
 इन्होंने ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी की बढ़ती हुई लोकप्रियता और जनाधार को देखते हुए केंद्र की मोदी सरकार डरने लगी है, और इसी के चलते उन्होंने राहुल गांधी को अयोग्य बताने की कोशिश करते हुए उनकी संसद सदस्यता समाप्त की है।

उन्होंने कहा कि इससे केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार के तानाशाही रवैए का भी पता चलता है ।कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर सत्याग्रह की लड़ाई नीचे से लेकर ऊपर तक लड़ रही है और आम जनता तक हम अपनी बात लेकर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं सहित समूचे छत्तीसगढ़ के युवाओं ,महिलाओं ,किसानों, मजदूरों आदि में आक्रोश का माहौल है। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, नगर पालिकाअध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष रज्जाक खान, मुुढपार ब्लॉक  अध्यक्ष कोमलसाहू, खैरागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष आकाशदीप सिंह, शहर अध्यक्ष भीखमचंद छाजेड़, जिला युवा अध्यक्ष गुलशन तिवारीी, एल्डरमैन किरण झा, महिला अध्यक्ष श्रद्धा अग्रवाल, नेहा,ऊके ,लता पतंजलि खुशबू,तथा भारी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।  
 


अन्य पोस्ट