अंतरराष्ट्रीय

यूरोपीय संघ में प्लांट-बेस्ड फूड को 'स्टेक' या 'बेकन' के नाम पर बेचने पर लगा बैन
17-Jun-2026 9:10 AM
यूरोपीय संघ में प्लांट-बेस्ड फूड को 'स्टेक' या 'बेकन' के नाम पर बेचने पर लगा बैन

यूरोपीय संघ की संसद ने मंगलवार को एक नया कानून पारित किया है, जिसके तहत अब शाकाहारी या प्लांट-बेस्ड खाद्य पदार्थों के लिए 'स्टेक' या 'बेकन' जैसे मांस से जुड़े शब्दों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. 

शाकाहारी भोजन पसंद करने वालों के लिए राहत की बात यह है कि 'वेजी बर्गर' शब्द के इस्तेमाल को अभी भी मंजूरी दी गई है. इस कानून को अंतिम रूप से लागू होने के लिए अभी सदस्य देशों की मंजूरी मिलना बाकी है.

इस फैसले को पशुपालक किसानों के लिए एक बड़ी जीत माना जा रहा है, जिनका तर्क था कि मांस की नकल करने वाले शाकाहारी उत्पादों से उपभोक्ता गुमराह होते हैं और इससे डेयरी व मांस उद्योग को नुकसान पहुंच रहा है. 

नए नियमों के तहत 'मीट' शब्द के साथ-साथ पोर्क, चिकन, टर्की और मटन जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर पाबंदी रहेगी. कानून में स्पष्ट किया गया है कि 'मीट' केवल जानवरों के खाने योग्य अंगों को ही कहा जा सकता है, जिसके दायरे में अब प्रयोगशाला में तैयार होने वाले 'लैब-ग्रोन' या 'सेल-बेस्ड' मांस भी नहीं आ सकेंगे.

यूरोपीय उपभोक्ता संगठन (बीईयूसी) के अनुसार, स्वास्थ्य, पर्यावरण और पशु क्रूरता के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण 2011 से अब तक यूरोप में प्लांट-बेस्ड फूड की खपत पांच गुना बढ़ चुकी है. यही वजह है कि प्लांट-बेस्ड प्रोडक्ट्स के सबसे बड़े बाजार 'जर्मनी' के रिटेलर्स, पर्यावरणविदों और उपभोक्ता अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस बैन का कड़ा विरोध किया था. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट