अंतरराष्ट्रीय
-मैक्स मैत्ज़ा
दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया में एडवर्ड्स एयर फ़ोर्स बेस से उड़ान भरने के तुरंत बाद अमेरिकी वायु सेना का एक बी-52 बॉम्बर प्लेन क्रैश हो गया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई.
यह हादसा सोमवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 11:20 बजे हुआ, जब विमान एक रूटीन टेस्ट मिशन पर था. हादसे के बाद आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार उठा, जिसे कई मील दूर से देखा गया.
कर्नल जेम्स हेज़ ने पत्रकारों से कहा, "आज एडवर्ड्स एयर फ़ोर्स बेस ने एक भयानक त्रासदी देखी और हमने आठ ग्रेट अमेरिकियों को खो दिया है." उन्होंने बताया कि मृतकों में सैन्यकर्मी, सरकारी कर्मचारी और सरकारी ठेकेदार शामिल थे.
इससे पहले एयर बेस ने कहा था कि शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि इस दुर्घटना में किसी के बचने की संभावना नहीं थी.
हेज़ ने कहा कि शुरुआती वीडियो फ़ुटेज की समीक्षा के बाद इसे "ऐसा हादसा माना गया जिसमें मलबे की बरामदगी संभव नहीं थी और किसी के जीवित बचने की संभावना भी नहीं थी."
उन्होंने दोपहर की ब्रीफ़िंग में कहा कि मृतकों के परिजनों को सूचना दी जा रही है और उसके 24 घंटे बाद उनकी पहचान सार्वजनिक की जाएगी. (bbc.com/hindi)


