अंतरराष्ट्रीय
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि देश के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ने अमेरिका के साथ समझौते में 'देश के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने वाले प्रावधानों को शामिल कराने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है.'
एक्स पर किए गए पोस्ट में उन्होंने कहा, "अगर सभी प्रावधानों को सही ढंग से लागू किया जाता है, तो इसे देश के लिए गौरवान्वित करने वाला दस्तावेज़ माना जा सकता है."
अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते पर ईरान के सुप्रीम लीडर की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं आई है. मार्च में सर्वोच्च नेता बनने के बाद से मोजतबा ख़ामेनेई सार्वजनिक रूप से नज़र नहीं आए हैं.
उन्होंने अपने पिता आयतुल्ला अली ख़ामेनेई की जगह यह पद संभाला था.
वहीं, अमेरिका के साथ बातचीत में शीर्ष वार्ताकार की भूमिका निभाने वाले ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा कि ईरान ने 'अंतिम जीत की ओर एक बड़ा क़दम उठाया' है.
उन्होंने ईरान की जनता के 'ऐतिहासिक प्रतिरोध' की सराहना की है.
एक्स पर एक संक्षिप्त पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरानी जनता के व्यवहार और 'उन लोगों के ख़िलाफ़ सशस्त्र बलों की बहादुरी, जो इस राष्ट्र का अस्तित्व मिटाना चाहते थे', ने ईरान को 'अंतिम जीत की दिशा में एक बड़ा क़दम बढ़ाने' में मदद की है. (bbc.com/hindi)


