अंतरराष्ट्रीय

ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते के बारे में क्या-क्या बताया
13-Jun-2026 10:33 AM
ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते के बारे में क्या-क्या बताया

बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार शाम एक टेलीविजन कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका के साथ एक समझौता होने वाला है और होर्मुज स्ट्रेट का खुलना इसका हिस्सा होगा.

उन्होंने कहा, "हम पहले से कहीं अधिक समझौते के क़रीब हैं. यानी, यह अगले एक-दो दिनों में हो सकता है, या अगले कुछ दिनों के भीतर हो सकता है."

अराग़ची ने इस समझौते को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि मीडिया को ऐसी अटकलों से बचना चाहिए, ये 'माहौल को बिगाड़ सकती हैं'.

ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक़, यह समझौता दो या डेढ़ पन्ने लंबा है और इसके बिंदुओं पर दो महीने से अधिक समय तक बातचीत हुई है.

उनके अनुसार, समझौते के सभी बिंदुओं और वाक्यों की कई बार समीक्षा की गई है.

अराग़ची ने कहा, "सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और सुरक्षा संस्थानों के सामने समय पर रिपोर्टें पेश की गई हैं और सैन्य बलों ने होर्मुज़ स्ट्रेट और युद्ध की समाप्ति सहित महत्वपूर्ण मुद्दों की निगरानी भी की है."

ईरानी विदेश मंत्री ने होर्मुज़ स्ट्रेट के भविष्य को लेकर भी बयान दिया.

उन्होंने कहा कि अब तक होर्मुज़ स्ट्रेट में सेवाएं मुफ़्त थीं, लेकिन 'ईरान का अंतिम निर्णय यह है कि भविष्य में होर्मुज़ स्ट्रेट का प्रबंधन अतीत से अलग होगा.' (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट