अंतरराष्ट्रीय
जापान की राजधानी टोक्यो के उत्तर में स्थित उत्सुनोमिया शहर में पिछले तीन दिनों से एक जंगली भालू खुलेआम सड़कों पर घूम रहा है. इस वन्यजीव के आतंक के चलते स्थानीय प्रशासन को सोमवार को शहर के सभी 94 सरकारी प्राथमिक और जूनियर हाई स्कूलों को एहतियातन बंद करने का बड़ा फैसला लेना पड़ा. शनिवार सुबह से लेकर अब तक रिहायशी इलाकों से लेकर बाजार और पार्कों में भालू की मौजूदगी की 10 से अधिक रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है.
लगभग 5.10 लाख की आबादी वाले इस शहर में शनिवार सुबह जब पहली बार करीब तीन फीट लंबे इस भालू को शहर के केंद्र के पास देखा गया, तो उसके बाद से रविवार को शॉपिंग मॉल और सोमवार सुबह एक थोक बाजार के पास इसकी सक्रियता दर्ज की गई. स्थानीय प्रशासन ने लोगों को जागरूक करके उन्हें घरों या सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह जारी की है.
इस भालू को काबू में करने के लिए दर्जनों प्रशिक्षित शिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय अधिकारियों की एक बड़ी संयुक्त टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शहर में सिर्फ एक ही भालू घूम रहा है या उनकी संख्या अधिक है. हाल के वर्षों में जापान के शहरी इलाकों में भालू दिखने और इंसानों पर उनके हमलों की घटनाओं में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है, क्योंकि सर्दियों की लंबी नींद से जागने के बाद भूखे भालू भोजन की तलाश में इंसानी बस्तियों का रुख कर रहे हैं. (dw.com/hi)


