अंतरराष्ट्रीय
दक्षिणी फिलीपींस के तट के पास स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे आए तेज़ भूकंप के बाद कई झटके महसूस किए गए हैं.
फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ़ वोल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी के अनुसार, अब तक कम से कम 16 झटके दर्ज किए गए हैं. इनकी तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही है.
इस बीच इंडोनेशिया में सुनामी की लहरें देखी गई हैं.
इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी (बीएमकेजी) के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 7:20 बजे देश के तटीय इलाक़ों में तीन स्थानों पर सुनामी की लहरें देखी गई हैं.
बीएमकेजी का कहना है कि नॉर्थ मलुकु प्रांत के केदी, उलु सियाउ और मेलोंगुआने में ये लहरें देखी गईं. इन लहरों की ऊंचाई 0.09 मीटर से 0.19 मीटर के बीच रही.
वहीं, जापान ने भी सुनामी की चेतावनी जारी की है.
जापानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि स्थानीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे तक 1 मीटर ऊंची सुनामी की लहरें देश के दक्षिणी ओकिनावा द्वीपों और प्रशांत तट के किनारे स्थित प्रांतों तक पहुंच सकती हैं. (bbc.com/hindi)


