अंतरराष्ट्रीय
रूसी अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन ने सेंट पीटर्सबर्ग और उसके आसपास के इलाकों पर "अप्रत्याशित हमला" किया है. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शहर में रूस के सालाना इकोनॉमिक फ़ोरम की बैठक चल रही है.
लेनिनग्राद के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज़्देन्को के मुताबिक, सेंट पीटर्सबर्ग के आसपास स्थित लेनिनग्राद क्षेत्र में 140 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए. वहीं शहर के गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव ने वहां के लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की.
जंग शुरू होने के चार साल बाद पहली बार ऐसी चेतावनी जारी की गई है.
दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनकी सेना ने रूस के हथियार भंडारों और एक नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया है. उन्होंने इसे रूसी हमलों के जवाब में उचित कार्रवाई बताया है.
इससे एक दिन पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इकोनॉमिक फ़ोरम की मीटिंग के दौरान कहा था कि ज़ेलेंस्की से मिलने का कोई मतलब नहीं है. जबकि ज़ेलेंस्की जंग को ख़त्म करने के लिए आमने-सामने बातचीत की मांग कर चुके हैं.
ड्रोन हमलों में शामिल यूक्रेनी इकाइयों में से एक के कमांडर येवहेन करास ने बीबीसी से कहा कि रूस के भीतर लक्ष्यों पर हमला करना बेहद आसान हो गया है.
उन्होंने कहा, "हम रूस के भीतर ऐसे उड़ान भरते हैं जैसे वह हमारा अपना इलाक़ा हो. लगभग कोई रुकावट नहीं मिलती और लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल नहीं है."
गवर्नर ड्रोज़्देन्को ने कहा कि यूक्रेनी हमलों के कारण एक सैन्य प्रतिष्ठान में आग लग गई, जिसके बाद आसपास के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ इमारतों को "मामूली" नुक़सान पहुंचा है.
ज़ेलेंस्की के मुताबिक़, यूक्रेन के ड्रोन क़रीब एक हज़ार किलोमीटर की दूरी तय करके सेंट पीटर्सबर्ग क्षेत्र तक पहुंचे और उन्होंने क्रोनश्टाट में स्थित "दुश्मन नौसेना के हथियार भंडारों और एक सैन्य अड्डे" को निशाना बनाया. क्रोनश्टाट रूस की बाल्टिक नौसेना का प्रमुख अड्डा माना जाता है.
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "अब इस युद्ध को समाप्त करने का समय आ गया है."
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन "लड़ाई जारी रखना चाहते हैं." (bbc.com/hindi)


