अंतरराष्ट्रीय

नीदरलैंड्स: पत्नियों को नशीला पदार्थ देकर रेप करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
06-Jun-2026 11:28 AM
नीदरलैंड्स: पत्नियों को नशीला पदार्थ देकर रेप करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

नीदरलैंड्स पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाले मामले में चार पुरुषों को गिरफ्तार किया है, जिन पर अपनी ही पत्नियों और लिव-इन पार्टनर्स को धोखे से नशीला पदार्थ देकर उनका यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप है. डच पुलिस द्वारा गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार, यह वारदात नीदरलैंड्स के शहर रॉटरडैम से सामने आई है. आरोपी न सिर्फ अपनी ही करीबी महिलाओं को बेहोश कर उनके साथ रेप करते थे, बल्कि इस पूरे कृत्य का वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर अन्य लोगों के साथ शेयर भी करते थे.

इस अपराध का भंडाफोड़ करने के लिए पुलिस ने पिछले हफ्ते आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी. इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में कंप्यूटर, मोबाइल फोन और पेन ड्राइव जब्त किए हैं, जिनमें इन अपराधों के वीडियो स्टोर होने की पूरी आशंका है. इसके साथ ही तलाशी में उनके घरों से बेहोश करने वाली दवाएं और कई अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं. फिलहाल जांच टीम इन सभी डिजिटल सबूतों को खंगालने में जुटी है ताकि पीड़ित महिलाओं की सही संख्या और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके.

यह मामला फ्रांस के कुख्यात 'गिजेल पेलिको' केस से मेल खाता है, जिसने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था. गिजेल के पति ने सालों तक अपनी पत्नी को नशीली दवाएं देकर बेहोश किया और दर्जनों बाहरी पुरुषों को बुलाकर उनका रेप करवाया था, जिसके लिए मुख्य आरोपी को साल 2024 में 20 साल जेल की सजा सुनाई गई थी. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट