अंतरराष्ट्रीय
-सेबेस्टियन अशर
दुबई के शासक के भतीजे की पूर्व पत्नी ज़ेनाब जवादली को हिरासत में ले लिया गया है. जवादली पहले एक इंटरनेशनल जिम्नास्ट रह चुकी हैं.
दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ने बीबीसी को बताया कि ज़ेनाब जवादली को उनके पूर्व पति, शेख सईद बिन मकतूम बिन राशिद अल मकतूम की शिकायत के बाद हिरासत में लिया गया. शेख सईद बिन मकतूम उनके तीन बच्चों के पिता भी हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट की मंज़ूरी से मुलाक़ात के समय वह बच्चों को अगवा करके ले गईं.
मंगलवार रात से ही जवादली के परिवार और दोस्तों का उनसे संपर्क टूट गया था और वे उनके ठिकाने को लेकर चिंतित थे.
लगभग दो दिनों तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली कि जवादली या उनके बच्चे कहाँ गए थे.
कई महीनों से वह शायद ही कभी घर से बाहर निकली थीं, क्योंकि उन्हें लगता था कि सुरक्षा अधिकारी उनके बच्चों को उनसे छीनने और उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए इंतज़ार कर रहे हैं.
पिछले साल, उनके पूर्व पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन पर अपनी बेटियों को अगवा करने का आरोप लगाया गया था.
इससे पहले बच्चे कई बार माता-पिता के पास आते-जाते रहे और दोनों ने एक-दूसरे पर अपहरण का आरोप लगाया.
बच्चों की कस्टडी के मामले में कोर्ट की सुनवाई के दौरान शेख सईद बिन मकतूम बिन राशिद अल मकतूम के वकीलों ने जवादली पर कई आरोप लगाए.
वकीलों ने दावा किया कि वह एक अच्छी माँ नहीं हैं; उन्होंने अपनी बेटियों को स्कूल नहीं भेजा, होटल में रहने के दौरान ऐसी जगह पर रहीं जो बच्चों के लिए ठीक नहीं थी, और सबसे छोटी बेटी की सेहत को खतरे में डाला. (bbc.com/hindi)


