अंतरराष्ट्रीय

यूरोपीय संघ की नेता पाकिस्तान दौरे पर बोलीं- आपने कई मौक़ों पर युद्ध के ख़तरे को टाला
02-Jun-2026 8:47 AM
यूरोपीय संघ की नेता पाकिस्तान दौरे पर बोलीं- आपने कई मौक़ों पर युद्ध के ख़तरे को टाला

यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि काया कलास सोमवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार से मुलाक़ात की.

उनके साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "पाकिस्तान की कूटनीतिक कोशिशों ने अमेरिका और ईरान के बीच फिर से जंग शुरू होने से रोकने में मदद की है."

काया कलास ने कहा कि यह एक छोटी यात्रा है, लेकिन यह एक महत्वपूर्ण समय पर हो रही है.

उन्होंने कहा, "आज उप प्रधानमंत्री और मैंने मध्य पूर्व सहित दुनिया के अहम घटनाक्रमों पर चर्चा की. पाकिस्तान.. अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ के रूप में अहम भूमिका निभा रहा है. आपके राजनयिक प्रयासों ने कई मौकों पर पूर्ण युद्ध के ख़तरे को टालने में मदद की है."

उन्होंने कहा कि यूरोप में पाकिस्तान के इन प्रयासों की बहुत सराहना की जाती है.

काया कलास ने कहा, "आपका समर्थन अब युद्धविराम को बढ़ाने और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने का एक अहम राजनयिक अवसर प्रदान करता है."

"हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी अस्थायी समझौते के बाद ईरान के परमाणु भंडार और दूसरे प्रमुख मुद्दों पर बातचीत होगी, और स्थायी स्थिरता के लिए और व्यापक समाधान की ज़रूरत होगी."

उन्होंने आगे कहा कि यूरोपीय संघ एक स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान के लिए भूमिका निभाने के लिए तैयार है.

उन्होंने कहा, "हमारे पास आर्थिक प्रभाव है, परमाणु मामलों में विशेषज्ञता है, खाड़ी क्षेत्र के साझेदारों के साथ अच्छे संबंध और ईरान के साथ सीधी बातचीत की क्षमता है."(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट