अंतरराष्ट्रीय

ईरान ने नेतन्याहू के इस एलान के बाद अमेरिका के साथ बातचीत बंद करने का किया फ़ैसला
02-Jun-2026 8:46 AM
ईरान ने नेतन्याहू के इस एलान के बाद अमेरिका के साथ बातचीत बंद करने का किया फ़ैसला

ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी तसनीम के मुताबिक ईरान ने अमेरिका से मध्यस्थ के ज़रिए हो रही बातचीत को निलंबित करने का फैसला किया है.

ईरान का कहना है कि लेबनान में सीज़फ़ायर भी युद्धविराम की शर्तों में से एक था और अब लेबनान सहित सभी मोर्चों पर इस युद्धविराम का उल्लंघन किया जा रहा है इसलिए ईरान की नेगोशिएसन टीम ने अप्रत्यक्ष बातचीत को रोकने का फैसला किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान और गज़ा पर इसराइली हमलों को फौरन बंद करने और लेबनान के कब्जे वाले क्षेत्रों से पूरी तरह से वापसी होने तक कोई बातचीत नहीं होगी.

सैन्य और सुरक्षा संस्थानों के करीबी माने जाने वाली इस समाचार एजेंसी ने लिखा है कि, रेज़िस्टेंस फ्रंट और ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को पूरी तरह से बंद करने और बाब अल-मंडाब स्ट्रेट सहित अन्य मोर्चों को सक्रिय करने और नए मोर्चे खोलने का लक्ष्य रखा है.

पिछले कुछ घंटों में, वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों ने लेबनान में इसराइली हमलों को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया है, जिनमें विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची भी शामिल हैं.

उन्होंने एक्स पर लिखा, “इस युद्धविराम का किसी एक मोर्चे पर उल्लंघन, सभी मोर्चों पर इसके उल्लंघन के समान माना जाएगा. युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन के परिणामों की ज़िम्मेदारी अमेरिका और इसराइल पर होगी.”

नेतन्याहू ने क्या कहा

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उन्होंने सेना को लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों पर हमला करने का आदेश दिया है.

बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, नेतन्याहू ने जिस जगह पर हमला करने का आदेश दिया गया है उसे 'दहिया' कहा जाता है और यह हिज़्बुल्लाह का अहम गढ़ माना जाता है.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट