अंतरराष्ट्रीय

लेबनान का दावा- इसराइल के ताज़ा हमलों में 31 लोग मारे गए, इनमें बच्चे भी शामिल
27-May-2026 8:53 AM
लेबनान का दावा- इसराइल के ताज़ा हमलों में 31 लोग मारे गए, इनमें बच्चे भी शामिल

-सामंथा ग्रानविल और जॉन सुडवर्थ

इसराइल की ओर से दक्षिण और पूर्वी लेबनान में किए गए हमलों में दर्जनों लोग मारे गए हैं.

यह हमला तब हुआ जब इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई तेज़ करने का एलान किया.

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ताज़ा हमलों में कम से कम 31 लोग मारे गए हैं, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं.

इसराइली सेना ने कहा कि उसने हिज़्बुल्लाह के 100 से ज़्यादा ठिकानों और लड़ाकों को निशाना बनाया.

इससे पहले, सोमवार को नेतन्याहू ने कहा था कि उन्होंने हिज़्बुल्लाह पर निशाना साधने "और ज़्यादा दबाव डालने" का आदेश दिया है.

मंगलवार को सुरक्षा कैबिनेट की बैठक में उन्होंने कहा कि इसराइल लेबनान में अपना अभियान और तेज़ी से चला रहा है.

उन्होंने कहा, "आईडीएफ (इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़) ज़मीन पर बड़ी ताक़तों के साथ काम कर रही है और अहम जगहों पर कब्ज़ा कर रही है. सिक्योरिटी ज़ोन को मज़बूत किया जा रहा ताकि उत्तरी इसराइल की बस्तियों को हिज़्बुल्लाह के हमलों से बचाया जा सके."

गौरतलब है कि अमेरिका ने मध्यस्थता करते हुए इसराइल और लेबनान के बीच युद्धविराम करवाया था, लेकिन दोनों पक्षों ने इसे कई बार तोड़ा है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट