अंतरराष्ट्रीय
जर्मनी के गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पर बच्चों के लिए संभावित प्रतिबंध को लेकर आशंका जताई है. बच्चों को नुकसानदेह सामग्री और अत्यधिक स्क्रीन टाइम से बचाने के लिए इस प्रतिबंध पर सरकार विचार कर रही है. गृह मंत्री की दलील है कि इस उपाय को लागू करना कठिन होगा और ऐसे में इससे समस्या का समाधान नहीं हो सकेगा.
ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल दिसंबर में 16 साल तक की उम्र वाले बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगा दी. उसके बाद से कई यूरोपीय देशों ने भी इसी तरह के कदमों की योजना बनाई है. इनमें स्पेन, ग्रीस, साइप्रस और ऑस्ट्रिया शामिल हैं.
गृह मंत्री आलेक्जांडर डोबरिंत का कहना है, "सामान्य प्रतिबंध को लागू करना मुश्किल होगा और इसी वजह से यह असरदार भी नहीं होगा." जर्मन गृह मंत्री का कहना है कि इसकी बजाय परिवारों और मां बाप को खुद ये बुनियादी फैसला करना होगा कि बच्चों को कब स्मार्टफोन दिया जाए.
समाज में सूचना के प्रवाह में सोशल मीडिया का इस्तेमाल जम कर हो रहा है और यह रोजमर्रा का जरूरी हिस्सा बन गया है. डोबरिंत का कहना है कि केवल सरकार के प्रतिबंध से समस्या का समाधान नहीं होगा. जर्मन सांसद फिलहाल 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने को लेकर बहस कर रहे हैं.
इसी साल अप्रैल के महीने में हुए एक सर्वे में करीब 66 फीसदी लोगों ने इस प्रतिबंध का समर्थन किया था. (dw.com/hi)


