अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप बोले- 'मैंने अपने प्रतिनिधियों से कहा, जल्दबाज़ी में ईरान से कोई समझौता न करें'
25-May-2026 9:17 AM
ट्रंप बोले- 'मैंने अपने प्रतिनिधियों से कहा, जल्दबाज़ी में ईरान से कोई समझौता न करें'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अपने प्रतिनिधियों से कहा है कि वे ईरान से 'जल्दबाज़ी में कोई समझौता न करें, क्योंकि समय अमेरिका के पक्ष में है'.

अपनी ट्रुथ सोशल पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, "बातचीत व्यवस्थित और सार्थक तरीक़े से आगे बढ़ रही है और मैंने अपने प्रतिनिधियों से कहा है कि वे जल्दबाज़ी में कोई समझौता न करें, क्योंकि समय हमारे पक्ष में है."

उन्होंने यह भी कहा कि समझौते के लिए दोनों पक्षों को अपना समय लेना चाहिए और इसे सही तरीक़े से करना चाहिए, जिससे कि कोई ग़लती न हो.

हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि "ईरान को यह समझना होगा कि वह परमाणु हथियार या बम बना नहीं सकता और न ही हासिल कर सकता है."

उधर, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी 'ईरान के परमाणु ख़तरे को ख़त्म' करने पर ज़ोर दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान-अमेरिका बातचीत के संदर्भ में शनिवार रात उनकी ट्रंप से फ़ोन पर बात हुई है.

इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कहा कि ईरान के साथ बातचीत में काफ़ी प्रगति हुई है और जल्द ही इस पर कोई घोषणा हो सकती है.

रुबियो ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर भी 'अच्छी ख़बर' के संकेत दिए हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट