अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर बातचीत करने वाले अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि जल्दबाज़ी में समझौता ना करें.
हालांकि, इससे पहले रिपोर्टों में कहा गया था कि समझौता क़रीब है.
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि वो ईरान के साथ अच्छा समझौता करेंगे. इस दौरान उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के दौरान हुए समझौते की आलोचना की.
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, जिस समझौते पर अब चर्चा हो रही है उसमें 60 दिन का युद्धविराम बढ़ाना, होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे की बातचीत शामिल है.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अगर मैं ईरान के साथ समझौता करता हूं, तो वह अच्छा और सही होगा. ओबामा वाला नहीं, जिससे ईरान को बहुत सारा नक़द पैसा मिला और परमाणु हथियार बनाने का रास्ता खुल गया.
"हमारा समझौता बिल्कुल उल्टा है, लेकिन किसी ने इसे देखा नहीं है और किसी को पता भी नहीं है कि यह क्या है. यह अभी पूरी तरह तय भी नहीं हुआ है. इसलिए उनकी मत सुनो जो इसकी आलोचना कर रहे हैं, इसके बारे में उन्हें कुछ पता ही नहीं है."
उन्होंने लिखा, "मुझसे पहले वालों को यह समस्या कई साल पहले हल करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने नहीं किया. मैं ख़राब समझौते नहीं करता."
गौरतलब है कि रविवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने उम्मीद जताई थी कि वो दूसरे दौर की बातचीत की मेज़बानी करेंगे. (bbc.com/hindi)


