अंतरराष्ट्रीय
मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 'शांति स्थापित करने की कोशिशों' पर बधाई दी है.
शहबाज़ शरीफ़ ने यह उम्मीद भी जताई है कि पाकिस्तान बहुत जल्द अगली बैठक की मेज़बानी करेगा.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से शांति स्थापित करने के लिए की गई उनकी कोशिशों पर बधाई देता हूं."
शरीफ़ ने लिखा, "उन्होंने (ट्रंप) आज सुबह सऊदी अरब, क़तर, तुर्की, मिस्र, यूएई, जॉर्डन और पाकिस्तान के नेताओं के साथ टेलीफ़ोन पर उपयोगी बातचीत की. पाकिस्तान की तरफ़ से फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने इस बातचीत में हिस्सा लिया. इस प्रक्रिया में उनकी ओर से निरंतर की गई मेहनत की सराहना करता हूं."
उन्होंने आगे लिखा, "इन चर्चाओं ने मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर विचार साझा करने और शांति स्थापित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का अच्छा मौक़ा दिया. पाकिस्तान पूरी ईमानदारी से अपनी शांति कोशिशें जारी रखेगा और हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द हम अगली बैठक की मेज़बानी करेंगे."
गौरतलब है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे थे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की थी. (bbc.com/hindi)


